Kanpur में तख्त पर सोने को लेकर विवाद, बड़े भाई ने ईंट से कूंचकर छोटे भाई की हत्या


kanpur  के फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुरवा में तख्त पर सोने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार रात नशे की हालत में घर पहुंचे बड़े भाई ने ईंट से हमला कर छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव के पास ही सो गया। सुबह उसने पड़ोसी को भाई की मौत की जानकारी दी और वहां से भाग निकला। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दशहरे का मेला देखकर घर लौटे थे दोनों भाई

दर्शनपुरवा निवासी शिव कुमार उर्फ बल्लू कश्यप (35) फैब्रिकेटिंग का काम करता था, जबकि उसका बड़ा भाई सतीश उर्फ बच्ची पेंटिंग कारीगर था। माता-पिता का निधन हो चुका था और पांचों बहनों की शादी हो चुकी थी। दोनों भाई एक ही घर में रहते थे।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दोनों भाई शाम के समय दशहरे का मेला देखने गए थे। रात में बल्लू पहले घर पहुंचा और कमरे में रखे तख्त पर लेट गया। कुछ देर बाद सतीश नशे की हालत में घर लौटा। उसने बल्लू से तख्त से हटने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो मारपीट में बदल गई।

सिर और चेहरे पर ईंट से किए कई वार

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सतीश छत पर रखी ईंट उठा लाया और बल्लू के सिर तथा चेहरे पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सतीश कुछ दूरी पर जाकर सो गया।

सुबह पड़ोसी को दी भाई की मौत की सूचना

बुधवार सुबह बल्लू के शरीर में कोई हलचल नहीं दिखने पर सतीश ने पड़ोसी को बताया कि उसका भाई खत्म हो गया है और बहनों को सूचना देने को कहा। इसके बाद वह वहां से भाग निकला। पड़ोसी और अन्य लोग कमरे में पहुंचे तो बल्लू का रक्तरंजित शव तख्त पर पड़ा मिला।

सूचना मिलने पर एसीपी ज्योति श्री, फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, सतीश को हिरासत में लेने के बाद उसने शुरुआत में गुमराह करने की कोशिश की। उसने मकान के पुराने विवाद का हवाला देते हुए अपनी बुआ के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तख्त पर सोने को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने अपने छोटे भाई पर हमला किया था।

आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

कमरे में तख्त पर सोने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य जांच के लिए महत्वपूर्ण होंगे।



Source link

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
◉WhatsApp करें
Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x